गिफ्ट में मिलना था आईफोन, गंवा बैठा 17 हजार
दुर्ग। अमेजॉन कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए गिफ्ट में आईफोन देने के लिए मैत्री कुंज निवासी को ठग ने फोन किया और उसके लालच में आकर 17 हजार रुपये गंगा बैठा। हाथ में न आईफोन आया और न रुपये। फिलहाल नेवई पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुट गई हैं।
मैत्री कुंज रिसाली निवासी कुंजबिहारी बारिक को 21 नवंबर 2020 को एक फोन आया और उसने खुद को अमेजन कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि पांच भाग्यशाली ग्राहकों को 60 हजार रुपये का आइफोन गिफ्ट में देने की बात कही।
गिफ्ट पाने के लिए आरोपी ने पांच हजार रुपये का कोई भी सामान खरीदने के लिए कहा। इसके लिए आरोपी ने एक नंबर दिया और पांच हजार रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। गूगल पे के माध्यम से उसने रुपये ट्रांसफर कर दिए इसके बाद जीएसटी के नाम पर 11 हजार 999 रुपये मांगे, फिर से उनके बताए खाता नंबर पर उतने रुपये भेज दिए। ठगों ने दो किश्तों में 16 हजार 999 रुपये ले लिए और शिकायतकर्ता से कहा कि गिफ्ट मिलने के साथ ही ये रुपये वापस हो जाएंगे। रुपये लेने के बाद शिकायतकर्ता को न तो कई गिफ्ट मिला और न ही रुपये वापस हुए। उसने ठगों द्वारा दिए गए नंबर पर फोन किया तो किसी ने फोन भी नहीं उठाया। इसके बाद उसे महसूस हो गया वह ठगी का शिकार हो गया है, उसने तत्काल नेवई थाने पहुंचकर हनीफ लश्कर, बिजन राय और दुर्गा सिंह से बात होने की जानकारी देते हुए मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी हैं।

पाठको की राय